Balrampur Ka Sandesh

पटना हाईकोर्ट के जज सहित कई कर्मचारि‍यों को हुआ कोरोना, आज से वर्चुअल सुनवाई

पटना हाईकोर्ट के जज सहित कई कर्मचारि‍यों को हुआ कोरोना, आज से वर्चुअल सुनवाई

पटना हाईकोर्ट में मंगलवार से आमने-सामने की सुनवाई पर रोक लगा दी गई है। अगले आदेश तक अब वर्चुअल (ऑनलाइन) मोड में सुनवाई होगी। राज्य में कोरोना के मामले बढ़ने के बाद यह निर्णय लिया गया है। दरअसल, पटना में कोरोना केस लगातार बढ़ रहे हैं। हाईकोर्ट के जज सहित कई कर्मी भी संक्रमित हुए हैं।

इसके बाद हाईकोर्ट प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि हाईकोर्ट परिसर में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। ऑनलाइन सुनवाई के लिए हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से संबंधित अधिवक्ता को लिंक भेजा जाएगा। निश्चित समय पर जुड़कर अधिवक्ता सुनवाई में भाग ले सकते हैं। कोरोना मामलों से संबंधित सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने भी वर्चुअल मोड में सुनवाई की बात कही थी।

लालू के मामले की सुनवाई तीन दिन टली

लालू प्रसाद से जुड़े चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले (आरसी 47ए/96) की सुनवाई कर रहे सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एसके शशि कोरोना संक्रमित हो गये हैं। इस वजह से सोमवार से मामले की सुनवाई तीन दिनों के लिए टल गई है। अदालत ने अगली तारीख छह जनवरी निर्धारित की है।

बता दें कि दस दिनों के अवकाश के बाद तीन जनवरी को कोर्ट खुला। चारा घोटाले के मामले की सुनवाई की तारीख भी तीन जनवरी निर्धारित थी। मुकदमा का सामना कर रहे आरोपियों को अपने अधिवक्ता के माध्यम से अदालत में उपस्थिति दर्ज करानी थी, लेकिन सुनवाई टालनी पड़ी।

सिर्फ तीन आरोपियों की ओर से बहस की जानी है

निर्धारित तारीख तक जज पूरी तरह से स्वास्थ्य हो जाते हैं तो मामले में आगे की सुनवाई जारी रहेगी। मामले में बहस अंतिम चरण में है। सिर्फ तीन आरोपियों की ओर से बहस की जानी है। लालू समेत 99 आरोपियों की ओर से बहस पूरी हो चुकी है। मामले में बहस पूरी होते ही फैसले की तारीख निर्धारित की जाएगी। बता दें कि 25 साल पुराने डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये की अवैध निकासी मामले में लालू प्रसाद समेत 102 आरोपी मुकदमे का सामना कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *