*जनगणना–2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का शुभारंभ, 16 से 30 नवंबर तक नागरिक स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे अपनी
जानकारी*
*प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में जनगणना–2027 के स्वगणना अभियान के सफल संचालन को लेकर अधिकारियों की बैठक संपन्न*
*सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से करें अपनी स्वगणना, आमजन को भी करें जागरूक — प्रभारी जिलाधिकारी*
*स्वगणना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 16 से 30 नवंबर तक प्रतिदिन आयोजित होंगी विशेष जागरूकता गतिविधियां*
दिनांक, 16 नवंबर 2026।
जनगणना–2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का आज दिनांक 16 नवंबर 2026 से शुभारंभ हो गया है। यह अभियान 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस अवधि में नागरिक डिजिटल माध्यम से स्वयं अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां जनगणना पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे।
इसी क्रम में जनपद बलरामपुर में स्वगणना अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में संबंधित विभागीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी ने स्वगणना अभियान के सफल संचालन हेतु निर्धारित कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की तथा 16 नवंबर से 30 नवंबर तक प्रतिदिन आयोजित की जाने वाली विभागवार जागरूकता गतिविधियों पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से करें स्वगणना*
प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से अपनी स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए अपने परिवार के सदस्यों, परिचितों एवं आमजन को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। स्वगणना की सुविधा से नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। इससे जनगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता, सुगमता एवं नागरिक सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा।
*16 से 30 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगा विशेष जागरूकता अभियान*
बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक दिन संबंधित विभाग अपने स्तर पर विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें तथा अधिक से अधिक लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत राजस्व एवं प्रशासन, स्थानीय शासन, युवा एवं खेल, विशिष्ट समूहों, न्यायिक संस्थाओं, केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य विभाग, उद्योग एवं व्यापार, स्वयं सहायता समूहों, डिजिटल सेवाओं तथा कृषि एवं किसान संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर को राजस्व एवं प्रशासन दिवस के अंतर्गत समस्त विभागों एवं कार्यालयों में स्वगणना का शुभारंभ किया जाएगा। 17 नवंबर को स्थानीय शासन एवं ग्रामीण विकास दिवस के अंतर्गत नगरीय निकायों, पंचायतों एवं ग्राम स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
18 नवंबर को युवा एवं खेल दिवस के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, युवा संगठनों एवं खेल संस्थाओं के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 19 नवंबर को विशिष्ट समूहों के लिए तथा 20 नवंबर को न्यायिक दिवस के अंतर्गत संबंधित संस्थाओं में स्वगणना संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इसी प्रकार 21 नवंबर को विशेष कार्यस्थलों, 22 नवंबर को केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, 23 नवंबर को शिक्षा दिवस, 24 नवंबर को स्वास्थ्य दिवस तथा 25 नवंबर को उद्योग एवं परिवहन दिवस के अंतर्गत संबंधित विभागों द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
26 नवंबर को महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाएगा।
27 नवंबर को डिजिटल एवं विशेष आवश्यकता दिवस के अंतर्गत डिजिटल सहायता केंद्रों तथा प्रशिक्षित कार्मिकों के माध्यम से नागरिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
28 नवंबर को घर में काम करने वाले व्यक्तियों को जागरूक करने, 29 नवंबर को गौरव दिवस के अंतर्गत लक्षित समूहों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा 30 नवंबर को किसान दिवस के अंतर्गत किसानों एवं कृषि से जुड़े संगठनों के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा।
*प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर सुनिश्चित करे व्यापक प्रचार-प्रसार*
प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से स्वगणना अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आमजनमास को स्वगणना की प्रक्रिया एवं इसके महत्व की जानकारी दी जाए।
इसके साथ ही सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं अन्य जनसंचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए स्वगणना अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर आयोजित होने वाली गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा अभियान के दौरान अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नागरिक स्वयं ऑनलाइन कर सकेंगे स्वगणना
प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना–2027 के अंतर्गत नागरिकों की सुविधा के लिए स्वगणना की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल फोन, कंप्यूटर अथवा अन्य इंटरनेट आधारित उपकरणों से निर्धारित पोर्टल पर जाकर स्वयं अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
स्वगणना के लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण होने पर प्राप्त यूनिक आईडी को सुरक्षित रखना होगा, जिसे जनगणना कार्य के दौरान प्रगणक को उपलब्ध कराया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि स्वगणना की अवधि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित है, जबकि जनसंख्या गणना का क्षेत्रीय कार्य 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा।
*जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण*
प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना देश के विकास, संसाधनों के समुचित नियोजन एवं भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।
उन्होंने सभी जनमानस से अपील की कि वे स्वगणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी निर्धारित पोर्टल पर दर्ज करें। साथ ही अपने आसपास के अन्य लोगों को भी स्वगणना के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र के विकास में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


