Balrampur Ka Sandesh

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण – 2027 के तहत जनपद के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य निर्वाचक नामावली का हुआ प्रकाशन

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण – 2027 के तहत जनपद के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य निर्वाचक नामावली का हुआ प्रकाशन

*विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण–2027 के तहत जनपद के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य निर्वाचक नामावली का हुआ प्रकाशन*

 

*प्रभारी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक संपन्न, राजनीतिक दलों को सौंपी गई आलेख्य निर्वाचक नामावली*

 

*प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने एवं मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की*

 

*18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे युवा मतदाताओं एवं महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाने पर विशेष जोर*

 

*17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक प्राप्त किए जाएंगे दावे एवं आपत्तियां, 04 जनवरी 2027 को होगा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन*

 

दिनांक – 17 नवंबर 2026।

 

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण–2027 कार्यक्रम के अंतर्गत आज जनपद के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया गया।

 

इस अवसर पर प्रभारी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य निर्वाचक नामावली उपलब्ध कराई गई तथा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

 

बैठक के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए त्रुटिरहित, शुद्ध एवं अद्यतन निर्वाचक नामावली का होना अत्यंत आवश्यक है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम निर्वाचक नामावली में विद्यमान न रहे।

 

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 17 नवंबर 2026 को आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया गया है। दिनांक 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्वाचक नामावली के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

 

प्रभारी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए ऐसे सभी पात्र नागरिकों को चिह्नित करने में सहयोग प्रदान करें, जिनके नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नहीं हैं।

 

उन्होंने विशेष रूप से अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाताओं एवं पात्र महिला मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराए जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल अपने स्तर से भी व्यापक जागरूकता सुनिश्चित करें, जिससे अधिक से अधिक पात्र युवा एवं महिला मतदाता निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज करा सकें। इसके साथ ही दिव्यांगजनों एवं कमजोर वर्गों के पात्र मतदाताओं के नाम भी मतदाता सूची में सम्मिलित कराए जाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

 

*सभी राजनीतिक दल बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित करें*

 

प्रभारी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त किए जाने की अपील करते हुए कहा कि बूथ लेवल एजेंट मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

 

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए की बैठक संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ कराई जाए तथा बीएलए द्वारा प्रत्येक मतदान केंद्र की निर्वाचक नामावली का अवलोकन एवं जांच की जाए।

 

उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से ऐसे पात्र व्यक्तियों को चिह्नित करें, जिनके नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं हैं। साथ ही मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, फोटो एवं अन्य प्रविष्टियों में विद्यमान त्रुटियों को चिह्नित कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संशोधन कराए जाने में सहयोग प्रदान करें।

 

उन्होंने कहा कि निर्वाचक नामावली में मृतक, स्थानांतरित एवं अपात्र मतदाताओं के नामों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना निर्धारित विधिक प्रक्रिया के निर्वाचक नामावली से न हटाया जाए।

 

*मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं संशोधन के लिए निर्धारित फॉर्म का करें उपयोग*

 

प्रभारी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, नाम हटाने एवं विभिन्न प्रविष्टियों में संशोधन के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित फॉर्म के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

 

फॉर्म-6 : ऐसे पात्र नागरिक जिनकी आयु अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो गई है तथा जिनके नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं हैं, वे अपना नाम सम्मिलित कराने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं।

 

फॉर्म-7 : निर्वाचक नामावली में किसी नाम को सम्मिलित किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराने अथवा मृतक, स्थानांतरित, डुप्लीकेट एवं अन्य नियमानुसार अपमार्जन योग्य नामों को हटवाने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग किया जा सकता है।

 

फॉर्म-8 : निर्वाचक नामावली में दर्ज नाम, पता, आयु एवं अन्य प्रविष्टियों में संशोधन, निवास स्थान परिवर्तन तथा मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) के प्रतिस्थापन आदि के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।

 

उन्होंने बताया कि मतदाता अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO), पदाभिहित अधिकारी, मतदाता पंजीकरण केंद्र, संबंधित तहसील अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में निर्धारित फॉर्म जमा कर सकते हैं।

 

इसके अतिरिक्त भारत निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप एवं मतदाता सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

 

दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित किए जाने पर जोर

 

प्रभारी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए।

 

उन्होंने राजनीतिक दलों से कहा कि दावे एवं आपत्तियों से संबंधित सूचियां नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएंगी। सभी राजनीतिक दल पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन कार्यालय एवं संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।

 

*लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का पंजीकरण आवश्यक*

 

प्रभारी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए आवश्यक है कि निर्वाचक नामावली में सभी पात्र मतदाताओं के नाम सम्मिलित हों तथा मतदाता सूची पूर्ण रूप से शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन हो।

 

प्रभारी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए सकारात्मक एवं सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जनपद के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संपन्न हो तथा कोई भी पात्र मतदाता अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

 

इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, एसडीएम सदर श्री मनोज कुमार, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचन कार्य से संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *