*विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत कल 17 नवंबर को होगा आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन*
*विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 18 नवंबर अथवा उसके अगले दिन ग्राम सभा/वार्ड कमेटी की बैठकों में पढ़कर सुनाई जाएगी आलेख्य निर्वाचक नामावली*
दिनांक 16 नवम्बर 2026
अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कल दिनांक 17 नवंबर 2026 को आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन प्रस्तावित है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व /उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि दिनांक 18 नवंबर 2026 अथवा उसके अगले दिन अपने आवंटित मतदान स्थल क्षेत्रांतर्गत ग्राम सभा/वार्ड कमेटी की बैठक में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से आलेख्य निर्वाचक नामावली को पढ़कर सुनाया जाना सुनिश्चित करें।
ग्राम सभा/वार्ड कमेटी की बैठक में संबंधित बूथ लेवल अधिकारी द्वारा अपने आवंटित मतदान स्थल क्षेत्र की आलेख्य निर्वाचक नामावली को पढ़कर सुनाया जाएगा, जिससे नामावली में किसी प्रकार की कमी अथवा त्रुटि सामने आने पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।
इस संबंध में निर्देशित किया गया है कि आलेख्य निर्वाचक नामावली पढ़े जाने संबंधी कार्यक्रम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रकाशित नामावली में यदि कोई कमी प्रदर्शित हो रही है, तो उस कमी को दूर करने हेतु आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई इसी अवधि में की जा सके।
सभी ग्राम सभाओं एवं वार्ड कमेटियों की बैठकों में आलेख्य निर्वाचक नामावली को पढ़कर सुनाया जाएगा तथा नामों का सत्यापन किया जाएगा। यह कार्य मिशन मोड में संपादित किया जाएगा, जिससे संबंधित ग्राम सभा/वार्ड के सभी निर्वाचक आच्छादित हो जाएं तथा यह सुनिश्चित किया जा सके कि आलेख्य निर्वाचक नामावली को सुने जाने से कोई निर्वाचक न छूटे।
ग्राम सभा/वार्ड की बैठकों के लिए निर्धारित तिथियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित क्षेत्र के पार्षद, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य, बूथ लेवल एजेंट एवं स्थानीय प्रतिनिधियों को उक्त कार्रवाई के संबंध में अवगत कराते हुए उनकी सहभागिता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त ग्राम सभा एवं वार्ड कमेटी की बैठकों की कार्यवृत्त तैयार करते हुए उसे भविष्य के लिए अनुरक्षित रखा जाएगा, जिससे पर्यवेक्षणीय अधिकारियों द्वारा मांगे जाने पर उपलब्ध कराया जा सके।
समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि उपरोक्त समस्त कार्रवाई अपने-अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से संपादित कराते हुए संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश निर्गत करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा निर्धारित समयावधि में अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।


